छात्रों के प्रदर्शन के कारण लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू के बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में बीएससी के छात्र की हार्ट अटैक से मौत को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन रात भर जारी रहा। छात्र रात भर सड़क पर बैठकर धरना देते रहे। प्रशासन ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई हल नहीं निकला। बुधवार की सुबह एक घंटे के लिए छात्र हटे, लेकिन फिर से जाम लगा दिया। छात्रों के प्रदर्शन के चलते बड़े वाहनों को दोनों तरफ पहले ही रोक दिया गया था। इसके चलते 8 से 10 किलोमीटर लंबा जाम सोनभद्र रूट पर लगा रहा। छात्र कुलपति को बुलाने, एक करोड़ मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग पर अड़े हैं।
क्या है पूरा मामला
राजस्थान के कोटा जिले के वियलदा थाना क्षेत्र के कमलदा गांव निवासी अनिल मीणा (23) पुत्र महावीर मीणा बीएचयू के बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में बीएससी एजी के तृतीय वर्ष का छात्र था। उसे मंगलवार की सुबह सीने में दर्द उठा। उसे उपचार के लिए दक्षिण परिसर के हेल्थ सेंटर पर ले जाया गया। जहां दवा देने के बाद आराम नहीं हुआ। उसे सांस लेने में समस्या होने लगी। जिसके बाद उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान छात्र अनिल की मौत हो गई।
छात्र की मौत से साथ आए छात्रों में मातम छा गया। सूचना मिलते ही दक्षिणी परिसर के छात्र आक्रोशित हो गए। छात्र दक्षिण परिसर में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर हंगामा करने लगे। शाम को पांच बजे दक्षिणी परिसर के पास से होकर जा रहे हाईवे पर छात्रों ने जाम लगा दिया। सैकड़ों की संख्या में छात्र हंगामा करते हुए कार्रवाई और व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए।
सीओ सदर अमर बाहदुर ने बताया कि सुबह समझाने पर एक घंटे के लिए छात्र धरना समाप्त किए। लेकिन बाद में फिर से धरने पर बैठ गए। कुलपति को बुलाने, एक करोड़ रुपये मुआवजा और नौकरी की मांग कर रहे है।