-डीपीआरओ ने समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्ता और शत-प्रतिशत ऑनलाइन रिपोर्टिंग के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) राम उदय यादव ने मंगलवार को कार्यालय सभागार में विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में समस्त सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), खंड प्रेरक और कंसल्टेंट इंजीनियर शामिल हुए।
समीक्षा में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालयों की प्रगति, रेट्रोफिटिंग कार्य, आरआरसी की कार्यशीलता, पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों की ब्लॉक वार समीक्षा की गई।
डीपीआरओ ने योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति, कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और पोर्टलों पर नियमित एवं शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपेक्षाकृत कम प्रगति वाले ब्लॉकों के अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष प्रयास कर कार्यों में तेजी लाने और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने क्षेत्रीय भ्रमण बढ़ाने, योजनाओं की नियमित निगरानी करने और जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छता एवं विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। बैठक में अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कंसल्टेंट, जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम), लेखाकार समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।