मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में 27 अक्तूबर को एक कार्यक्रम में चयनित 50 स्ट्रीट हाकर्स को ऋण प्रमाणपत्र का वितरण किया जाएगा। इसमें सीएम लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद भी कर सकते हैं।
नगर में खोमचा, रेहड़ी अथवा ठेला जैसा कारोबार करने वाले स्ट्रीट हाकर्स को 10- 10 हजार रुपये का ऋण उनको अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए दिया जा रहा है। इस योजना के तहत पांच हजार लोगों ने आवेदन किया था। इसमें 22 सौ का आवेदन लक्ष्य के अनुसार स्वीकृत किया गया। इन सभी को 10- 10 हजार रुपये का ऋण उनके खाते में भेजा जा चुका है। इन्हीं में से 50 लाभार्थियों को 27 अक्टूबर को ऋण प्रमाणपत्र वितरित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आरंभ लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी करेंगे। आनलाइन इस कार्यक्रम में वे सभी जिलों के लाभार्थियों से भी रूबरू हो सकते हैं। जिला नगरीय विकास अभिकरण की परियोजना अधिकारी प्रतिभा श्रीवास्तव ने बताया कि 50 लोगों का लक्ष्य रखा गया है। सभी को सूचित किया गया है कि वे कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रमाणपत्र प्राप्त करें।