लालगंज। मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने मंगलवार को लालगंज विकासखंड के बामी व उसरी खम्हरिया गांव में बनाए गए अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। वर्मी कंपोस्ट कंपोजिंग में हो रहे विलंब के जिम्मेदार बीएमएम (ब्लाक मिशन मैनेजर)को सप्ताह भर के अंदर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। अन्यथा की स्थिति में उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया। साथ ही खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि कंपोस्ट खाद विक्रय की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।
बामी गोवंश आश्रय स्थल पर सीडीओ ने बैरिकेडिंग कराने का आदेश दिया। आश्रय स्थल पर आय बढ़ाने के स्रोत से संबंधित तकनीकी जानकारी पर विमर्श किया। खंड विकास अधिकारी रमाकांत से बताया कि गोवंश आश्रय स्थल पर गोबर से अगरबत्ती, धूप, वर्मी कंपोस्ट बनाई जा सकती है। कहा कि गोवंश आश्रय को कार्य स्थल पर दिखाई देना चाहिए। डीसी मनरेगा मोहम्मद नफीस को निर्देश दिया कि वर्मी कंपोस्ट और ग्राम समाज की जमीन गोवंश आश्रय स्थल की जो है, उसे घेराबंदी करके हरे चारे का प्रबंध किया जाए। किसान को आश्वस्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने एक किनारे से आने जाने के रास्ता देने की बात की। चिकित्सक डॉक्टर ईश्वर देव नारायण चतुर्वेदी ने से भी मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी ली। इस अवसर पर अपर निदेशक पशुपालन डॉ. बीके सिंह, डिप्टी डायरेक्टर डॉ. प्रभाकर, सीवीओ डॉ. ओम प्रकाश, एडीओ पंचायत रतन कुमार, ग्राम विकास अधिकारी श्यामधर तिवारी और उसरी खमरिया में पूर्व प्रधान छविशंकर तिवारी आदि मौजूद रहे।
कैटल शेड न बनवाने पर होगी करवाई
राजगढ़। विकासखंड क्षेत्र के मटिहानी ग्राम पंचायत में निर्माण कार्यों में अनियमितता की शिकायत पर सोमवार को जिला प्रोबेशन अधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कैटल शेड व शौचालय अधूरा मिलने पर कार्रवाई के लिए मुख्य विकास अधिकारी को रिपोर्ट प्रेषित किया है।
भारत सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान के तहत पात्र लोगों को शौचालय व पशुपालकों को कैटलशेड दिए गए थे। जिसके निर्माण में अनियमितता होने पर मटिहानी गांव के बिंदेश्वरी द्वारा शिकायत की गई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी सोमवार को मटिहानी गांव में पहुंचकर शौचालय व कैंटल सेड का स्थलीय निरीक्षण किए। निरीक्षण के दौरान शौचालय व क़ैटलशेड अधूरा पाए जाने पर ग्राम प्रधान व लाभार्थियों को कड़ी फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करने का निर्देश देते हुए जांच रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को सौंप दी है।