चुनार। चुनार रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर के आगे मंगलवार को सुबह किसी ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक के पास मिले मोबाइल फोन और आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
मंगलवार को सुबह चुनार रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर के आगे एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर ने आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह को दी। मौके पर पहुंचे सहायक उप निरीक्षक युवक के पास मोबाइल फोन तथा आधार कार्ड मिला। उससे उसकी शिनाख्त अमित कुमार (18) पुत्र संकठा प्रसाद निवासी दरगाह शरीफ थाना चुनार के रूप में हुई। आरपीएफ की सूचना पर चुनार कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दिया। अमित दो भाइयों और एक बहन में बड़ा था। छोटा भाई दिव्यांग है। बहन छह वर्ष की है। जो कक्षा एक में पढ़ती है। अमित मूर्ति बनाने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। पिता संकटा प्रसाद की पहले ही मौत हो चुकी है। पिता के नहीं रहने पर वह पढ़ाई छोड़ प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्ति बनाने का करता था। चुनार कोतवाल नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।