बिहसड़ा स्थित मैदान में खाट सभा के मंच का निरीक्षण करते अधिकारी।
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की खाट सभा मड़िहान के देवरी और जिगना के बिहसड़ा में बुधवार को होगी। इसके बाद मिर्जापुर नगर में रोड शो होगा। इसके लिए कार्यक्रम स्थल को मंगलवार को एसपीजी ने अपने कब्जे में ले लिया। रोड शो मार्ग को एसपीजी दिन भर जांचती रही। खाट सभा व रोड शो के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। राहुल गांधी के लिए अभेद सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिससे बिना इजाजत कोई भी प्रवेश नहीं कर पाए। खाट सभा स्थल पर एसपीजी द्वारा जर्मन शेफर्ड डॉग, सर्च मेरर, डीएफएमडी सहित उच्च तकनीकी उपकरणों से बारीकी से जांच की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर खाट सभा और रोड शो को सफल बनाने के लिए कांग्रेसजन दिन भर प्रचार- प्रसार में जुटे रहे। जिगना के बिहसड़ा स्थित ब्रह्माश्रम इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय सचिव और कार्यक्रम प्रभारी राणा गोस्वामी और मंडल प्रभारी रामयज्ञ द्विवेदी ने तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष भगवती चौधरी, अमिताभ पांडेय, रमाकांत, राजेश नारायण तिवारी आदि मौजूद रहे। वहीं एसडीएम सदर गुलाब चंद्र राम ने भी खाट सभा स्थल का विधिवत निरीक्षण किया।
मड़िहान संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के देवरी में एडीएम वित्त व राजस्व विजय बहादुर ने सभा का निरीक्षण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राजेशपति त्रिपाठी, मड़िहान विधायक ललितेशपति त्रिपाठी, सोनी त्रिपाठी, अशोक उपाध्याय, दुर्गा मिश्र, कांता सिंह, गोपाल सोनकर, सुरेंद्र पांडेय, भारतेंदु यादव, रमेश पांडेय, प्रेम बेल्डर, प्रेम शर्मा आदि कांग्रेसजन कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे रहे।
वहीं देवरी में राहुल गांधी की खाट सभा को सफल बनाने के लिए कांग्रेसजन उत्साहित रहे। कांग्रेसजनों ने अशोक उपाध्याय, कांता सिंह और दुर्गा प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में लोगों से खाट सभा में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।