अहरौरा हादसे में मृत बाइक सवार सूरज
अहरौरा। थाना क्षेत्र के अहरौरा जमुई रोड पर स्थित जसवा के पास बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे अहरौरा से जमुई की तरफ जा रहे तेज रफ्तार बाइक सवार सूरज गुप्ता बाइक असंतुलित होने से सड़क किनारे गिर गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और बाइक पास के खेत में चली गई। आसपास के लोग घायल को सीएचसी ले गए। जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चुनार स्टेशन रोड निवासी सूरज गुप्ता (35) पुत्र राजेश गुप्ता अहरौरा से चुनार अपनी घर बाइक से जा रहे थे। रास्ते में जसवा गांव के सामने मोड़ पर उनकी बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई।
इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सूरज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा भेजवाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पानी में जाने से सूरज की मोबाइल खराब हो गई। पुलिस ने उसका सिम निकाल कर फोन कर उनकी पहचान की। थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान सूरज गुप्ता निवासी स्टेशन रोड चुनार के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना दी गई है। सूरज के पिता चुनार स्टेशन रोड पर जनरल स्टोर की दुकान चलाते हैं।