चीनी की आरती उतारकर विरोध करते समाजवादी पार्टी के लोग। स्रोत-सपा
- फोटो : Archive
चीनी के बढ़ते दामों के खिलाफ विरोध, सरकार से कीमतों पर नियंत्रण करने की मांग
मिर्जापुर। चीनी के लगातार बढ़ते दामों के विरोध में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और सपा युवजन सभा के निवर्तमान राष्ट्रीय सचिव आकाश यादव के नेतृत्व में अनूठे और रचनात्मक तरीके से प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने शक्कर के डिब्बे को माला पहनाई और उसकी प्रतीकात्मक आरती उतारकर बढ़ती महंगाई का विरोध जताया।
सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि चीनी इतनी महंगी हो गई है कि आम आदमी के घर में मिठास कम और महंगाई का बोझ ज्यादा है। इसलिए हमने चीनी को माला पहनाकर आरती उतारी है, ताकि सरकार को यह संदेश दिया जा सके कि अगर आवश्यक वस्तुओं के दाम इसी तरह बढ़ते रहे तो आम आदमी की रसोई चलाना मुश्किल हो जाएगा। सपा नेता आकाश यादव ने कहा कि सरकार को चीनी सहित रोजमर्रा की आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। इस मौके पर मुन्नी यादव, रवि सोनकर, धीरेंद्र सिंह, अजय पटेल, एकराम खान, अनुराग तिवारी, जगदीश्वर सिंह, फैज अहमद, संदीप बिंद, राकेश यादव, अभय यादव आदि रहे।