प्रदेश सरकार असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के हितों के प्रति संवेदनशील है। प्रदेश सरकार श्रमिकों और आम जनमानस के कल्याण के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। श्रमिक कार्यालय में पंजीयन करा कर योजनाओं का लाभ लें। उक्त बातें जंगीरोड स्थित सहायक श्रमायुक्त कार्यालय पर श्रमिकों को साइकल वितरण के दौरान बाल पुष्टाहार एवं बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री कैलाश चौरसिया ने कही। राज्यमंत्री ने 457 पंजीकृत भवन निर्माण श्रमिकों को साइकल वितरण किया।
राज्य मंत्री कैलाश चौरसिया ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा समाज के निचले तबके लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उनके योजनाओं का मुख्य उद्ेदश्य निचले तबके को भी आर्थिक रूप से खुशहाल बनाना है, जिससे वह समाज की मुख्य धारा से जुड़ सकें। उन्होंने विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के हित को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों को स्मार्ट कार्ड उपलब्ध करा रही है। सहायक श्रमायुक्त पंकज सिंह राणा ने उत्तर प्रदेश भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों को पंजीयन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि श्रमिक पंजीयन कराकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी केपी जायसवाल, श्रीकांत मिश्रा, डा. अरविंद श्रीवास्तव, जवाहर मौर्या, राकेश आदि शामिल रहे।