मिर्जापुर। जनपद न्यायाधीश लालचंद्र गुप्ता, जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह व मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पीडी गुप्ता ने बुधवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कारागार के बैरक, भोजनालय, जिला जेल परिसर अस्पताल का निरीक्षण किया गया। कहा गया कि जेल मैनुअल के हिसाब से बंदियों को भोजन व अन्य सुविधाएं प्रदान की जाय।
जिला कारागार के बैरक नंबर एक में जिलाधिकारी ने बंदियों से उनका हाल चाल लिया और उनकी समस्याओं को पूछा। भोजनालय में तैयार भिंडी की सब्जी एवं उरद, राजमा दाल की गुणवत्ता का परीक्षण भी किया। जेल चिकित्सालय हाल में भर्ती 24 बंदी मरीजों में से राम नरेश एवं मनीष सिंह से प्राप्त स्वास्थ्य सुविधाओं और उनके कृत अपराध को जाना। महिला कैदियों से भी मिलकर उनकी समस्याओं एवं उनके केस की न्यायिक प्रगति पर भी विचार किया गया। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि मैनुअल के अनुसार कैदियों को भोजन एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध करायी जाए। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला कारागार अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर, थाना प्रभारी कोतवाली शहर व कोतवाली कटरा आदि मौजूद रहे ।