अहरौरा। अष्टकोणीय थाना अहरौरा की पीआरवी बाइक दस्ते में तैनात हेड कांस्टेबल की मंगलवार की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में हुई तकलीफ के बाद परिजन तथा पुलिस के जवान आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के बाद सघन चिकित्सा हेतु ट्रामा सेंटर वाराणसी ले गए परंतु पहुंचने से पहले ही रास्ते में जवान ने दम तोड़ दिया। जानकारी होते ही विभाग में शोक की लहर दौड़ गयी।
अहरौरा पीआरबी 112 के मोटरसाइकिल दस्ते में लगभग 14 माह पूर्व तैनात हेड कांस्टेबल सुल्तान अहमद (38) वर्ष बडेसरा, थाना करंडा, गाजीपुर अपने परिवार तथा बच्चों के साथ अहरौरा डीह स्थित पुलिस आवास के कैंपस में रहते थे। सोमवार को नाइट ड्यूटी करने के बाद अपने आवास पर गए। मंगलवार की सुबह लगभग 11:00 बजे सांस लेने में हुई तकलीफ के चलते अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने स्थानीय थाने पर विभागीय सूचना दी। पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे तथा आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के बाद सघन चिकित्सा हेतु ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाने लगे। परंतु हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही जवान ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक जवान को कुल दो बच्चे एक लड़का एक लड़की है। पुलिस औपचारिकता पुरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए चुनार ले गई है। इस संबंध में मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक सुल्तान अहमद 2006 बैच के सिपाही रहे। 14 माह पूर्व पीआरवी में उनकी तैनाती की गई थी। कुछ माह पूर्व ही हेड कांस्टेबल के पद पर उनका प्रमोशन हुआ था। मंगलवार को अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई तो सीएचसी अहरौरा में प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाया गया जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।