सोमवार को 19 वीं अंतरजनपदीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता का समापन हुआ। पुलिस लाइन परिसर स्थित मनोरंजन सभागार में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मुख्य अतिथि डीआईजी शिवसागर सिंह ने विजेता पुलिस के जवानों को पुरस्कृत किया।
एलार्म एफिसिएंसी रेस प्रतियोगिता में मिर्जापुर के अलावा कोई भी टीम रेस पूरी नहीं कर सकी। प्राप्त अंकों के आधार पर मिर्जापुर को विजेता घोषित किया गया।
राइफल शूटिंग के सौ गज प्रतियोगिता में जनपद सोनभद्र के धनंजय पांडेय प्रथम, आजमगढ़ के मु. तवीस द्वितीय एवं जनपद मिर्जापुर के उपनिरीक्षक वीर बहादुर चौधरी तीसरे स्थान पर रहे।
तीन सौ गज स्नैप शूटिंग प्रतियोगिता में जनपद मिर्जापुर के अनूप सिंह प्रथम, आजमगढ़ के अनिल कुमार द्वितीय एवं जनपद सोनभद्र के रत्नेश कुमार तृतीय रहे।
रिवाल्वर, पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में जनपद सोनभद्र के फूलचंद्र यादव प्रथम, मिर्जापुर के अभिनव वर्मा द्वितीय स्थान पर रहे।
25 गज प्रतियोगिता में जौनपुर के शनवर अली प्रथम, सोनभद्र के विजय यादव द्वितीय तथा 30 गज प्रतियोगिता में जौनपुर के शनवर अली प्रथम, मिर्जापुर के वीर बहादुर चौधरी द्वितीय एवं जौनपुर के ओम प्रकाश ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान जनपद जौनपुर के उपनिरीक्षक शनवर अली को रिवाल्वर, पिस्टल प्रतियोगिता का सर्वोत्तम निशानेबाज चुना गया।
प्रतियोगिता के निर्णायक की भूमिका जगदंबा सिंह, डा. जन्मेजय सिंह, मेजर कृपाशंकर सिंह ने निभाई। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान डीआईजी शिव सागर सिंह ने सभी विजेता पुलिस के जवानों को पुरस्कृत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कामना किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, एएसपी नगर, समस्त क्षेत्राधिकारी आदि रहे।