जिला पंचायत सभागार में ट्रेनरों को प्रशिक्षण देते एडीएम विजय बहादुर।
विधानसभा चुनाव में मतदान कार्मिक अब एसएमएस से भी जिला मुख्यालय और निर्वाचन विभाग को सूचना देंगे। इसमें पोलिंग पार्टियों के बूथ पर पहुंचने, मतदान से लेकर ईवीएम मशीन जमा करने की सूचना एसएमएस से मतदान कार्मिक देंगे। इसके लिए मतदान कार्मिकों को विशेष नंबर जारी किया जाएगा। मतदान के दिन पोल डे मानीटरिंग सिस्टम से चुनाव आयोग निगरानी रखेगा।
चुनाव में मतदान ड्यूटी में लगे पीठासीन अधिकारी निर्वाचन आयोग को एसएमएस से सूचना देंगे। इसके लिए पीठासीन अधिकारी को विशेष नंबर दिया जाएगा। मतदान के दिन पोल डे मानीटरिंग सिस्टम (पीडीएमएस) से बारीकी से मानीटरिंग किया जाएगा। पीठासीन अधिकारी द्वारा भेजी गई सूचना पीडीएमएस में पहुंचेगी जिससे जिला निर्वाचन विभाग और चुनाव आयोग निगरानी करेगा।
मतदान के लिए पोलिंग पार्टी के बूथ पर पहुंचने पर पीठासीन अधिकारी पहुंचने की सूचना एसएमएस से देंगे कि पोलिंग पार्टी सुरक्षित बूथ पर पहुंच गई है। इसके बाद पीठासीन अधिकारी को सुबह मतदान आरंभ करने से पूर्व, दो-दो घंटे पर मतदान की सूचना और अंत में शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने की सूचना भी एसएमएस से देनी होगी। पोलिंग पार्टी के मतगणना स्थल पर स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा करने की सूचना देंगे।