शेरवां । लाकडाउन के दौरान फरीदाबाद बल्लभगढ़ से साइकिल चलाकर नौ दिन बाद शुक्रवार को छह युवक अपने गांव चिलबिलिया पहुंचे। सुबह गांव में पहुंचने पर उनका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर थर्मल स्कैनिंग कराया गया। डा. राजन सिंह ने जांच पड़ताल कर उनको होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी।
फरीदाबाद बल्लभगढ़ एल्युमिनियम फैक्ट्री में चिलबिलिया गांव के कुछ युवक काम की तलाश में गए थे। फैक्ट्री बंद होने के चलते नौजवानों के सामने भोजन की समस्या खड़ी हो गई। तो युवकों को घर वापसी का जुनून सवार हो गया। लाक डाउन के चलते कोई साधन नहीं मिलने पर युवकों ने 23 अप्रैल को पेटीएम के माध्यम से बल्लभगढ़ मे साईकिल खरीद कर घर निकले। युवकों ने बताया कि घर वापसी के समय रास्ते में तमाम संकटों का सामना करना पड़ा। रास्ते में 65 रुपये किलो चावल, 55 रुपये किलो आलू खरीद कर सुनसान जगहों व पेट्रोल पंप पर भोजन बनाया।
कई दिन तो सिर्फ एक पहर ही भोजन कर नौ दिन का सफर तय कर घर पहुंचे। युवकों ने बताया कि सफर के दौरान इटारसी में पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। शुक्रवार को सुबह घर पहुंचने से पहले परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जमालपुर में इनकी थर्मल स्क्रीनिंग कराई। शुक्रवार को चिलबिलिया गांव पहुचने वालों में धर्मेन्द्र, जितेन्द्र, किशन, निखिल, दिलीप कुमार, प्रमोद कुमार पुत्र संग्राम निवासी चिलबिलिया हैं।
जांच के बाद भी ग्रामीणों ने गांव में घुसने से रोका
जमालपुर। क्षेत्र में दिल्ली से दो साईकल पर तीन लोग आठ सौ किलोमीटर की दूरी तय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर पहुंचे। वहां जांच के बाद गांव पहुंचे तो सहजनी कला खुर्द गांव के ग्रामीणों ने उल्हें गांव में घुसने से रोक दिया। इसके बाद ग्राम प्रधान पुष्पा सिंह ने उन्हें पंचायत भवन पर क्वारंटीन कराया। लाक डाउन के दौरान एक महीने से दिल्ली में फंसे एल्यूमीनियम कम्पनी में कार्यरत मजदूर साईकिल से आठ सौ किलोमीटर की दूरी तय कर घर आ गए। जांच कराए जाने के बाद भी घर नहीं पहुंच सके।
पुलिसकर्मियों की हुई जांच
कछवां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डाक्टर ने शुक्रवार को पुलिस थाने और चौराहों पर तैनात पुलिसकमियों की जांच की। अधीक्षक डा. सीबी पटेल ने बताया कि जांच में सभी का तापमान नॉर्मल पाया गया है। बीमारी से संबंधित किसी प्रकार के कोई लक्षण नहीं मिला। सुरक्षा के लिहाज से सभी पुलिस कर्मचारियों से एहतियात बरतने के लिए कहा गया है। ताकि उनका स्वास्थ्य रहे।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सौपा हाईजीन किट
हलिया। आर्थिक अनुसंधान केंद्र के संचालक ने शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थय केंद्र हलिया के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक जायसवाल को कोविड 19 से सुरक्षा के लिए 40 पीपीई किट व आशा आशा संगिनी, एएनएम के लिए 400 डिटाल साबुन व 600 मास्क सौंपा। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि सामान सभी को वितरित किया जाएगा।
पैदल आ रहे श्रमिकों को कराया भोजन
ड्रमंडगंज । लाक डाउन के दौरान मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र तथा राजस्थान से पैदल चलकर रीवा मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए यूपी और बिहार जाने वाले श्रमिकों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है । ऐसे में भैंसोड़ बलाय पहाड़ स्थित नेशनल हाइवे की यूपी एमपी सीमा पार करने के बाद ड्रमंडगंज व बेलन बरौधा के समाजसेवियों द्वारा थके हारे, भूखे प्यासे परदेशी श्रमिकों को सोशल डिस्टेंस के साथ नाश्ता और लंच पैकेट मुहैया कराकर राहत प्रदान की जा रही है।
क्वारंटीन किए युवक को भेजा बिहार
हलिया। पशु लैब में बने क्वारंटीन सेंटर में र रहे बिहार के बेगूसराय निवासी चंदन कुमार पासवान को बस से घर भेजवाया गया। चंदन चार अप्रैल से क्वारंटीन सेंटर में था। शुक्रवार को विकास खंड के कर्मचारी सतेंद्र राम के साथ मड़िहान से सरकारी बस द्वारा चंदन को जिला बेगूसराय पोस्ट दौलतपुर बेगूसराय बिहार भेजा गया।
लाकडाउन तोड़ने में अदलहाट में नौ पर मुकदमा
अदलहाट। स्थानीय पुलिस ने लाकडाउन तोड़ने के आरोप मे 24 अप्रैल से 30 अप्रैल तक अदलहाट थाने में नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने नितिन जायसवाल, मनीष गुप्ता, हरी सोनकर पुत्र लल्लन सोनकर, कंचन केशरी पुत्र बनारसी निवासी खजुरौल, दीपक कुमार पुत्र बनारसी , निलेश जायसवाल पुत्र सुरेश निवासी नरायनपुर , अनवर उर्फ कुद्दन पुत्र शब्बीर निवासी भुईलीखास, कमलेश पुत्र नंदलाल निवासी विसौराखुर्द के खिलाफ संबंधित धाराओं मे मुकदमा दर्ज किया गया।
17 को क्वारंटीन से छोड़ा
राजगढ़। विकास खण्ड के शेल्टर होम में क्वारंटीन किए गए 17 में से दो युवकों को शुक्रवार को आवश्यक खाद्य सामग्री देकर घर के लिए छुट्टी दी गई। मुम्बई व फतेहपुर से अपने घर को पैदल व वाहन से आए दोनों युवकों की जांच कराकर राजगढ़ ब्लाक में क्वारंटीन किया गया था। 14 दिन बितने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।