कटरा कोतवाली क्षेत्र के पुरी कटरा मोहल्ला में शनिवार की सुबह जमीन पर कब्जा कर रहे मनबढ़ों का विरोध जताने पर एक युवक को दिनदहाड़े गोली मार कर घायल कर दिया गया। वहीं युवक के साथी ने भागकर जान बचायी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को चिकित्सालय भेजा। एसपी दिनेश चंद्र ने बताया कि हमलावर को देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुरी कटरा मोहल्ला निवासी शेरू राईन एवं इश्तियाक राईन की सीमेंट की दुकान है।
शनिवार की सुबह नौ बजे गोदाम से वाहन पर सीमेंट लदवा कर ग्राहक के यहां भेजा। इसके बाद दोनाें नाश्ता करने के लिए चौराहे पर निकल पड़े।
शेरू के अनुसार जैसे ही गोदाम से कुछ दूर पर पहुंचा तभी एक जमीन पर कुछ लोग साफ सफाई करा कर उस पर कब्जा जमाने का प्रयास कर रहे थे। इसे लेकर मोहल्लेवासियाें एवं कब्जेदाराें के बीच विवाद हो रहा था।
बीच बचाव करने पहुंचा तो कब्जेदार मोहल्लेवासियाें को छोड़ कर उससे उलझ गए। इसी बीच एक ने पिस्टल निकाल कर फायरिंग करना शुरू कर दिया। इससे वहां पर अफरा तफरी मच गई। दो गोली उसके पैर में आकर लगी है।