आरटीओ एवं व्यापार कर विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने को लेकर बुधवार को पानदरीबा के व्यापारियों ने अपनी-दूकानें बंदकर विरोध जताया। पानदरीबा व्यापार संघ की ओर से पानदरीबा से जुलूस निकाला, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पर सभा के रूप में तब्दील हो गई। जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को चार सूत्री ज्ञापन प्रेषित किया गया।
व्यापारियों ने मांग की कि आरटीओ चुन्नीलाल द्वारा व्यापारियों, मोटर मालिकों से प्रतिदिन रिश्वत ली जाती है, इसकी जांच कराई जाए। वाणिज्य कर अधिकारी एसपी सिंह द्वारा जबरन वसूली, नाजायज छापे, व्यापारियों का उत्पीड़न एवं कार्यालय द्वारा लाखों रुपये रिश्वत लेने की जांच कराई जाए। रमेश मेदवानी, विष्णु टंडन, त्रिवेणी राम, दीपचंद, संतोष केशरवानी, बाबूलाल जायसवाल, ताराचंद जायसवाल, सुनील कुमार, दीपचंद चौरसिया, प्रेम यादव, रतन कुमार टंडन आदि मौजूद थे।
व्यापारियों ने मंत्री का किया समर्थन ः दरी एवं कालीन व्यापारियों ने नारघाट स्थिति नरेश सिंह के आवास पर बैठककर राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया को समर्थन देते हुए आरटीओ के स्थानांतरण की मांग की। बैठक में आशीष बुधिया, मनोज खंडेलवाल, कल्याण अग्रहरी, मोहन अग्रवाल, राम नरायण सोनकर, गिरधारी लाल, विजय गुप्ता, समीउल्लाह आदि मौजूद रहे। उधर, उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और डीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में शत्रुघ्न केशरी, संजय गहरवार, अवधेश पांडेय, रामबाबू आदि उपस्थित रहे।
सराफा व्यापारियों ने दी चेतावनी ः मिर्जापुर सर्राफा मंडल की कोषाध्यक्ष रामकृष्ण रस्तोगी के आवास पर बुधवार को हुई बैठक में आरटीओ द्वारा राज्यमंत्री को फंसाने का प्रयास किए जाने पर आक्रोश व्यक्त किया गया। चेतावनी दी कि यदि इस तरह से अधिकारियों द्वारा मनमाना कार्य होता रहेगा तो सर्राफा मंडल के व्यापारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। अध्यक्षता कैलाशनाथ सोनी एवं संचालन मंत्री शिव प्रसाद मुंदड़ा ने किया। मौके पर कौशल पवाधा, मनोज वाजपेयी, दीनानाथ केसरी, नरेंद्र जड़िया, गिरधर रस्तोगी, धीरज अग्रवाल, जयराम कसेरा, अनिल मिश्र थे।
कार्रवाई नहीं हुई तो जाएंगे हड़ताल पर ः 48 घंटे बीत जाने के बाद भी राज्यमंत्री एवं उनके प्रतिनिधि के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं होने पर बुधवार को उत्तर प्रदेश संभागीय परिवहन कर्मचारी संघ के तत्वावधान में मिर्जापुर के कर्मचरियों ने नगर के बरौधा कचार स्थित आरटीओ कार्यालय में बैठक की।
इस दौरान निर्णय लिया कि चेतावनी के बावजूद शासन द्वारा मंत्री समेत अन्य लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी 18 से 20 जून तक घटना के विरोध में काली पट्टी बांध कर कार्य करेंगे। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होती है तो 22 जून को अवकाश लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए रणनीति तैयार करेंगे।
बैैठक के दौरान बताया गया कि 12 जून को राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया उनके प्रतिनिधि डा. अरविंद श्रीवास्तव एवं आरटीओ चुन्नीलाल के बीच एक लिपिक को ज्वाइन कराने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि राज्यमंत्री के प्रतिनिधि समेत कुछ लोगों ने उनसे मारपीट भी की थी। इसकी तहरीर कटरा कोतवाली में देने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके विरोध में 15 जून को अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर 48 घंटे के अंदर कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल पर चले जाने की चेतावनी दी थी।
बुुधवार को दिए गए समय का 48 घंटा समाप्त हो गया। उप्र ट्रांसपोर्ट आफिसर्स एसोसिएशन कार्यालय परिवहन आयुक्त टेढ़ी कोठी लखनऊ ने मंगलवार को बैठक कर निर्णय लिया कि समस्त कर्मचारी 18 से 20 जून तक काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। इस दौरान अध्यक्ष केके मिश्र, डा. डीएल गुप्ता, अरिवंद सिंह, रमेश शर्मा, अंबिका प्रसाद, एआरटीओ यूवी सिंह, सुरेश कुमार मौर्या, नन्हकूराम आदि मौजूद रहे।