मुख्यमंत्री जल बचाओ अभियान के तहत जिले में जल संचयन की कवायद चल रही है। इसके तहत जिले के तालाबों का गहरीकरण और सुंदरीकरण होगा। साथ ही 443 अतिक्रमित तालाबों पर से अतिक्रमण भी हटाया जाएगा। पहले चरण में जिला प्रशासन द्वारा जिले के तालाबों का चिह्निकरण करते हुए 563 तालाबों का गहरीकरण और सुंदरीकरण किया जाएगा। इनमें से 353 तालाबों का निर्माण कार्य जिला स्तर पर और 210 तालाबों के गहरीकरण का कार्य लघु सिंचाई विभाग द्वारा कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा गिरते भू जल स्तर को सुधारने की कवायद की जा रही है। इसके तहत मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं की निगरानी में मुख्यमंत्री जल बचाओ अभियान योजना के तहत तालाबों को चिह्नित करके गहरीकरण और सुंदरीकरण किया जा रहा है। चिह्निकरण के दौरान जिले में 2288 तालाबों में से 443 तालाबों पर अतिक्रमण पाया गया। जिन पर से अतिक्रमण हटाने की कवायद चल रही है।
जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार राय के अनुसार, सदर तहसील के विकास खंड सिटी में 26, पहाड़ी में 13, कोन में 11, छानबे में 33 और मझवां में नौ तालाबों का गहरीकरण और सुंदरीकरण होगा। चुनार तहसील क्षेत्र के विकास खंड सीखड़ में चार, नरायनपुर में 77, जमालपुर में 45 तालाबों को, मड़िहान तहसील के राजगढ़ ब्लाक में 86, पटेहरा कला ब्लाक में 29 तालाबों का गहरीकरण होगा।
इसी प्रकार, लालगंज तहसील के लालगंज ब्लाक में 116 और हलिया ब्लाक में 114 तालाबों का सुंदरीकरण और गहरीकरण होगा। तालाबों का मनरेगा योजना के तहत गहरीकरण और सुंदरीकरण किया जाएगा। इससे गांवों में लोगों केे रोजगार मिल सके और जल संचय हो सके। इसमें एक हेक्टेयर से कम क्षेत्रफल वाले तालाबों में कार्य ग्राम पंचायतों द्वारा और एक हेक्टेयर से ज्यादा वाले तालाबों में कार्य लघु सिंचाई विभाग द्वारा कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले मुख्यमंत्री जल बचाओ योजना के तहत जल संचयन योजना क्रियान्वित की जा रही है। इसके तहत जिले के 563 तालाबों को चिन्हित किया गया है। इनका गहरीकरण और सुंदरीकरण होगा। सभी खंड विकास अधिकारी कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करें। जल बचाओ अभियान मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्य में है। - अमित कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी