मिर्जापुर। मरम्मत के बाद लोड टेस्टिंग करने के लिए मंगलवार की सुबह सात बजे शास्त्री पुल पर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया। सिर्फ पैदल यात्रा करने वालों के लिए छूट थी। आवागमन बंद होने के बाद लोगों ने नाव का सहारा लिया। इस दौरान नाव पर क्षमता से अधिक सवारी भी देखने को मिली। आवागमन बंद करने के बाद पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई। जिससे कोई वाहन न घुस सके। बैरिकेडिंग कर पुल के नीचे लोड मापने की मशीन को लगा दिया गया।
पुल में खराबी आने के कारण पिछले दो वर्ष से शास्त्री सेतु पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगी थी। इसके बाद पुल की मरम्मत की गई। इसके बाद पुल पर भारी वाहनों के आवागमन किए जाने के संबंध में लोड टेस्टिंग की जानी है। जिससे या निर्धारित हो सके कि पुल से कितने टन के वाहन गुजर सकेंगे। इसके लिए सेतु निगम ने पुल पर लोड टेस्टिंग कार्य शुरू किया है। चार दिनों तक पुल पर लोडेड वाहन खड़े करके टेस्टिंग की जाएगी। इसके लिए शास्त्री पुल को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। सिर्फ पैदल यात्रा करने वालों को छूट दी गई है। आवागमन पर प्रतिबंध लगने से सबसे अधिक समस्या कोन ब्लॉक के लोगों को हो रही है। कोन ब्लॉक के ज्यादातर लोग शास्त्री पुल से होकर नगर में आते थे। मंगलवार की सुबह छात्र व कामकाजी लोगों ने गंगा पार करने के लिए नाव का सहारा लिया। इस दौरान नाव पर ओवरलोड भी देखने को मिला। पुल बंद होने से अन्य वाहनों को चुनार भटौली अन्य मार्गों पर डायवर्ट कर दिया गया है। ये पुल भी अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक व्यस्त नजर आए।