मिर्जापुर/मड़िहान। कटरा कोतवाली क्षेत्र के चंद्रदीपा पेट्रोल पंप के पास रविवार की रात के समय ट्रक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इससे साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। इसी तरह से मड़िहान थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के पास एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रेफर होने के बाद ट्रामा सेंटर ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के चंद्रदीपा निवासी राम प्रकाश (58) रात को साढ़े 10 बजे साइकिल से घर लौट रहे थे। चंद्रदीपा पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक भाग गया। मंडी चौकी प्रभारी अजय श्रीवास्तव ने परिजनों को सूचना देकर घायल को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। मंडलीय अस्पताल में डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मड़िहान थाना क्षे के बार गांव निवासी 45 वर्षीय कन्हैया मजदूरी करता था। वह अपने घर से लालपुर गांव स्थित एक रिश्तेदार की बारात में शिरकत करने बाइक से जा रहा था। लालपुर गांव के समीप पहुंचा ही था कि पीछे से जा रहे वाहन के धक्के से घायल हो गया। हादसे में घायल युवक लहूलुहान स्थिति में काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। घटना की जानकारी होने पर पहुंचे परिजन इलाज के लिए घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मड़िहान ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल से भी उसे ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर ले जाते समय मौत हो गयी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था।