चील्ह/मिर्जापुर। दुद्धी-लुंबिनी मार्ग पर स्थित शास्त्री पुल की ऊपरी सतह पर मरम्मत के काम के पहले दिन सोमवार को सफाई की गई। मंगलवार को मरम्मत के लिए परत बिछाई जाएगी। सफाई के दौरान पुल पर दो और चार पहिया छोटे वाहनों की आवाजाही जारी रही। बड़े वाहनों के आवागमन पर 13 दिसंबर तक रोक लगाई गई है। बड़े वाहन दूसरे रास्ते से होकर गए।
शास्त्री पुल पर नौ दिसंबर को सुबह आठ बजे से 13 दिसंबर को रात आठ बजे तक मरम्मत का काम होना है। इसके तहत पुल के ऊपर केमिकल में सीमेंट और गिट्टी आदि डालकर एक परत चढ़ाई जाएगी। इससे पुल पर गड्ढे आदि भर जाएंगे। इसके लिए सोमवार को सुबह आठ बजे चील्ह चौराहा और शास्त्री पुल पर बैरिकेडिंग करके बड़े वाहनों को जाने से रोका जा रहा था। मरम्मत के काम के लिए भारी वाहनों व यात्री बसों का भी आवागमन बंद था। इसके चलते बनारस, जौनपुर, प्रयागराज जाने वाले यात्री चील्ह चौराहा से बस पर सवार हो रहे थे। वापस लौटने वाले लोग भी वहीं पर उतर जा रहे थे। वहां से ऑटो पकड़कर उन्हें शास्त्री पुल तक आना पड़ रहा था। पिछले साल हुए काम के दौरान ऊपरी हिस्से पर सड़क की मरम्मत के लिए अनुमति नहीं मिल पाई थी। इसके चलते लंबे समय से यह काम लंबित था। इस बीच मरम्मत के लिए सोमवार को पुल पर सफाई का काम शुरू किया गया। मौके पर सेतु निगम के सहायक अभियंता रियाज हुसैन, अवर अभियंता संजीव वर्मा व अनिल दुबे ने अपनी निगरानी में जरूरी काम करवाया। सहायक अभियंता ने बताया कि मंगलवार से सड़क मरम्मत का काम शुरू होगा। सड़क के निर्माण में जीरा गिट्टी, इमल्शन और 12 प्रतिशत तारकोल का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे सड़क में मजबूती आ जाएगी।