जिले में बाल श्रम को समाप्त करने के लिए श्रम विभाग के तत्वावधान में श्रम मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नगर के बरौधा कचार क्षेत्र में सात बच्चों को बालश्रम से मुक्त कराया गया।
सहायक श्रम आयुक्त सुविज्ञ सिंह के निर्देशन में श्रम प्रवर्तन अधिकारी निमेष कुमार पांडेय और कौशलेंद्र सिंह ने संबंधित सेवायोजकों को नोटिस जारी किया। बताया गया कि अग्रिम विधिक कार्रवाई हो रही है। एएलसी ने सेवायोजकों से कहा कि प्रतिष्ठान, दुकान, वाणिज्यिक अधिष्ठान, ढ़ाबा एवं कारखाना संचालक प्रतिष्ठान में छह वर्ष से 18 वर्ष के बच्चों से कार्य नहीं कराएं अन्यथा बाल मजदूरी कराने वालों के विरुद्ध बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत सेवायोजक पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि तीन दिनों में कुल 46 बाल श्रमिकों को चिहित किया गया है। एएचटीयू व एसजेपीयू एसआइ दिवाकर सिंह, चाइल्ड लाइन से विवेक श्रीवास्तव, अनुपम त्रिपाठी, विशाल सिंह, देवाशीष कुमार रहे।