मिर्जापुर। दीवानी न्यायालय के सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को महिला सशक्तीकरण जागरूकता शिविर लगाया गया। जिसका शुभारंभ जनपद न्यायाधीश शिवकुमार प्रथम व पूर्ण कालिक सचिव अमित कुमार यादव द्वितीय की अध्यक्षता में किया गया।
नगर नगर क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करते हुए जनपद न्यायाधीश ने बताया कि पारिवारिक मामले, पति-पत्नी के बीच विवाद के मामले बढ़ रहे हैं। इससे पारिवारिक न्यायालय में मुकदमों की संख्या बढ़ रही है। जिसे कम करने के लिए उच्च न्यायालय में गठित कमेटी के निर्देशन में पारिवारिक मामलों को न्यायालय में आने से पूर्व सुलह समझौता के माध्यम से हल कराने पर बल दिया गया है। अमित कुमार यादव ने बताया कि महिला सशक्तीकरण के तहत पति-पत्नी के विवादों को सुलझाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को महिलाओं के अधिकारों के बारे में बताया जाएगा। इस अवसर पर सुरेश कुमार त्रिपाठी, पार्वती पांडे, दीपक कुमार श्रीवास्तव, रंजीत कुमार, ओम प्रकाश कसेरा, महेंद्र कुमार यादव आदि लोग रहे।