मिर्जापुर। जिले में सोमवार को महिलाओं के लिए जिला महिला अस्पताल में अलग से टीकाकरण शुरू हो गया। जिला महिला अस्पताल में महिलाओं के लिए अलग काउंटर बनाया गया है। जहां पर सोमवार को 148 महिलाओं को टीका लगाया गया। इसके अलावा, जिले के दो स्थानों पर अभिभावकों के लिए अलग काउंटर बना है। इसमें लायंस स्कूल में 69 और चुनार पीएचसी में 52 लोगों को टीका लगाया गया। इसके अलावा, वर्क प्लेस पर सिविल कोर्ट में 30 लोगों को टीका लगाया गया।
जिले में शुरू हुए 18 प्लस टीकाकरण के तहत सोमवार को जिले के बूथों पर टीका लगवाने के लिए 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग पहुंचते रहे। इसके अलावा, 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले भी मंडलीय अस्पताल के साथ अन्य स्थानों पर टीका लगाने पहुंचे। लोगों ने पहले फार्म भरकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का वैरिफिकेशन कराया। इसके बाद टीकाकरण कक्ष में टीका लगवाया। रविवार को कुल दो हजार 365 युवाओं ने टीका लगवाया। इसके अलावा, 45 प्लस में 2589 कोविशील्ड का प्रथम डोज, 258 द्वितीय डोज और कोवैक्सीन की 809 प्रथम डोज का टीका लगा। कुल छह हजार 249 को टीका लगाया गया। 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों में चील्ह पीएचसी में 167, गुरुसंडी पीएचसी में 220, विजयपुर में 169, पड़री पीएचसी में 145, कछवां पीएचसी में 270, सीखड़ पीएचसी में 220, जमालपुर पीएचसी में 375, चुनार में 183, लालगंज में 73, हलिया में 81, पटेहरा में 75, राजगढ़ में 140, तरकापुर अर्बन पीएचसी और मंडलीय अस्पताल में 247 को कोरोना का टीका लगाया गया। इसके अलावा, इन स्थानों पर 45 प्लस वालों को भी टीका लगा।