परीक्षा को लेकर बैठक करती मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़, सोशल मीडिया
मिर्जापुर। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 23 नवंबर से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय से संबद्ध 161 महाविद्यालयों के करीब 81 हजार परीक्षार्थी 99 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। नकल रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षाएं कराई जाएंगी। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
शनिवार को कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में परीक्षा संचालन समिति की बैठक हुई। कुलपति ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सभी केंद्राध्यक्षों की सामूहिक जिम्मेदारी है। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी केंद्राध्यक्षों से निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से परीक्षा कराने की अपील की।
परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद्र ने बताया कि परीक्षा समिति के निर्णय के अनुसार पूर्व निर्धारित परीक्षा केंद्र और नोडल केंद्र ही रहेंगे। कुल 20 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। इनमें मिर्जापुर में 11, सोनभद्र में पांच और भदोही में चार केंद्र निर्धारित हैं। उत्तरपुस्तिकाएं संबंधित नोडल केंद्रों पर भेज दी गई हैं। केंद्राध्यक्ष वहां से उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त कर लें। प्रश्नपत्र भी नोडल केंद्रों से ही वितरित किए जाएंगे।
स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर की परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर दो से शाम चार बजे तक निर्धारित है। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक और सहायक केंद्राध्यक्ष के अलावा किसी कर्मचारी, परीक्षार्थी या कक्ष निरीक्षक के पास मोबाइल फोन नहीं होना चाहिए। कक्ष निरीक्षकों का पारिश्रमिक सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा।
इनसेट :
परीक्षा की तैयारियां पूरी करने के निर्देश
कुलपति ने परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि उत्तरपुस्तिकाओं का वितरण संबंधित नोडल केंद्रों से किया जाएगा। सभी केंद्राध्यक्षों को निर्धारित नोडल केंद्र से उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त करने को कहा गया है। बैठक में कुलसचिव रामनारायण, वित्त अधिकारी गिरीश कुमार, परीक्षा समन्वयक प्रो. देवेंद्र पांडेय, उप कुलसचिव अजीत प्रताप सिंह, सहायक कुलसचिव आलोक कुमार और राजकीय महाविद्यालय मझवां के प्राचार्य प्रो. सूबेदार यादव उपस्थित रहे।