संवाद न्यूज एजेंसी
जमालपुर। गांव की हर गरीब महिलाओं को आजीविका मिशन से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना होगा। उक्त बातें बीडीओ डॉ. रक्षिता सिंह ने ब्लॉक सभागार में मंगलवार को आयोजित प्रेरणा दिवस पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहीं।
बीडीओ ने एनआरएलएम से जुड़ी महिलाओं का ग्राम पंचायतवार प्रगति की समीक्षा की। बीडीओ ने समूह सखियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायत में घर-घर जाकर गरीब महिलाओं को समूह से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। जिससे आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके। वे आत्मनिर्भर बन सकें। बीडीओ ने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण का मजबूत माध्यम है। कहा इसके माध्यम से महिलाओं को न केवल बचत और ऋण की सुविधा मिलती है, बल्कि वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से प्राप्त कर सकती हैं। एडीओ आईएसवी मुकेश शर्मा, खंड मिशन प्रबंधक देवेंद्र श्रीवास्तव, निलेश सिंह, अशोक दुबे सहित अन्य मौजूद रहे।