मिर्जापुर। बलिया के सीआरओ पीएस बरनवाल की ग्राम भरूहना में जमीन पर कब्जे के मामले में की गयी शिकायत के संबंध में एसडीएम गौरव श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल को रिपोर्ट सौंप दी है। बलिया सीआरओ का आरोप है कि कृृष्णा बरनवाल के नाम से स्थित जमीन पर पुलिस अधिकारियों की मिलीभगत से भूमाफिया कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला और पुलिस प्रशासन से तमाम पत्राचार के बाद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। साथ ही कई मुकदमों के बाद भी भू माफिया के हौसले बुलंद हैं। पीसीएस एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी गुहार लगाई है।
वहीं दूसरी ओर एसडीएम द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि कृष्णा बरनवाल ने ग्राम भरूहना में भूमि राज नरायनपुर पुत्र गिरजाशंकर से क्रय किया गया था। इस विक्रय के आधार पर नामान्तरण हेतु वाद दाखिल किया गया। जिस पर तहसीलदार न्यायिक द्वारा कृष्णा बरनवाल के पक्ष में नामान्तरण आदेश पारित किया गया। इस आदेश के विरूद्ध राज नरायन की पत्नी इंदिरा कुमारी सिंह एवं हरिवंश कौर के द्वारा प्रस्तुत रेस्टोरेशन प्रार्थना पत्र को स्वीकार करते हुये तहसीलदार न्यायिक द्वारा आदेश को निरस्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि उक्त दोनो आदेश खतौनी में दर्ज हैं। कृष्णा बरनवान का नाम वर्तमान राजस्व अभिलेख में दर्ज नहीं है और नामांतरण वाद की पत्रावली अंतिम रूप से निरस्त करते हुये निस्तारित की जा चुकी है। बाद में इस वाद में तत्कालीन पीठासीन अधिकारी द्वारा प्रश्नगत आराजी पर यथा स्थिति बनाये रखने एवं क्रय- विक्रय न करने का आदेश पारित किया गया। इस आदेश के विरूद्ध प्रतिवादियों ने आयुक्त न्यायालय में अपील की जो खारिज हो गयी। स्थगन आदेश वर्तमान समय में प्रभावी है। खतौनी पर कृष्णा बरनवाल का नाम दर्ज नहीं है। सक्षम न्यायालय में वाद विचाराधीन है। एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि चूकि प्रकरण न्यायलय में विचाराधीन है। न्यायालय से आदेश पारित होने पर यथोचित कार्रवाई की जाएगी।