हलिया। हलिया कस्बा स्थित विंध्य भारत गैस एजेंसी का सोमवार को उप जिलाधिकारी लालगंज महेंद्र सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 10 टीमों का गठन कर गैस डिलीवरी की हकीकत परखी। टीमों ने लाभार्थियों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर गैस मिलने की पुष्टि की।
एसडीएम ने बताया कि जांच का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि सिलिंडर केवल पात्र लाभार्थियों को ही मिल रहा है या नहीं। निरीक्षण में सप्लाई इंस्पेक्टर राज सिंह यादव, लेखपाल इंद्रेश द्विवेदी, नीरज सिंह, मनोज सहित निर्वाचन विभाग के प्रशांत दूबे, अखिलेश पांडेय, शिवाजी यादव व अन्य कर्मचारियों को मिलाकर 10 टीमों का गठन किया गया। टीमों ने वितरण रजिस्टर का मिलान करने के साथ लाभार्थियों के दस्तावेजों की गहन जांच की।
अलग-अलग टीमों ने दूबार कला के संजय सिंह, खजुरी के अभिषेक कुमार, पतार कला की संत कुमारी समेत अप्रैल में सिलिंडर लेने वाले उपभोक्ताओं से फोन पर संपर्क कर डिलीवरी की वास्तविक स्थिति जानी। शादी के लिए ऑर्डर के बाद भी कॉमर्शियल गैस न मिलने की शिकायत पर एसडीएम ने संबंधित एजेंसी संचालक से वार्ता कर जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।