जिला स्तरीय स्काउट-गाइड रैली में अतिथि को सलामी देते स्काउट व गाइड, संवाद
दिघुली स्थित कृष्ण बाल निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में सोमवार को 69वीं जनपदीय स्काउट-गाइड रैली का शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय रैली में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
छानबे विधायक रिंकी कोल ने दीप जलाकर रैली का उद्घाटन किया। उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी ली और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां देखीं। कहा कि शिक्षा व्यक्ति को श्रेष्ठता प्रदान करती है, जबकि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों को अनुशासन, सतर्कता और सेवा भाव की सीख देता है। विशिष्ट अतिथि रमाकांत पटेल और जिला पंचायत सदस्य दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण बच्चों में आत्मविश्वास, स्वावलंबन और समर्पण की भावना विकसित करता है। जिला एडल्ट स्काउट आयुक्त संतोष सिंह व जिला आयुक्त स्काउट धर्मजीत सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में रचनात्मक सोच, सामूहिक कार्य और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। भाजपा नेता जयप्रकाश उपाध्याय ने भी विचार व्यक्त किए।
संचालन जिला प्रशिक्षण आयुक्त कुलदीप शुक्ला ने किया। संयोजक एवं प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार दुबे ने आभार जताया। इस दौरान बालकरण यादव, मनोज कुमार, नीलम, विजय बहादुर सिंह, रोड यादव, श्यामधर मौर्य आदि मौजूद रहे।
विद्यालयों की भागीदारी रही कम
लालगंज। जिले में 322 विद्यालय संचालित होने के बावजूद 69वीं जनपदीय स्काउट-गाइड रैली में राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों की भागीदारी बेहद कम रही। कार्यक्रम संयोजक कृष्ण कुमार दूबे ने बताया कि जिले के 62 राजकीय हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों में से केवल एक इंटर कॉलेज ने रैली में प्रतिभाग किया। वहीं 52 सहायता प्राप्त हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों में से महज पांच विद्यालयों के विद्यार्थी ही शामिल हुए।