मिर्जापुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में 17 जून से स्कूल चलो अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए सभी विद्यालयों को पहले से ही दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।
कक्षा आठ के विद्यार्थियों के निकल जाने के कारण परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या में कम हो गई है। अभी तक जिले के 1806 परिषदीय विद्यालयों में 222000 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जबकि पिछले सत्र में यह संख्या 284000 के आसपास थी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूल खुलने पर शिक्षकों के साथ अभियान चलाकर नए बच्चों के प्रवेश के लिए प्रयास करें। वैसे भी हर साल बेसिक शिक्षा विभाग गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल चलो अभियान चलाता है। उस दौरान परिषदीय विद्यालयों में काफी संख्या में बच्चों का प्रवेश होता है। अब नया सत्र एक अप्रैल से शुरू होता है, लेकिन उस समय ज्यादातर बच्चे छुट्टी के मूड में होते हैं। जो बच्चे पहले से ही प्रवेश ले लेते हैं, वे तो आते रहते हैं, लेकिन काफी संख्या में बच्चे जुलाई में ही प्रवेश लेते हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि स्कूल चलो अभियान चलाकर नए बच्चों को विद्यालयों से जोड़ा जाएगा।