सोनभद्र के बार्डर पर अहरौरा थाना क्षेत्र के पड़रवा गांव में शनिवार को स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूल की बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। सवार 15 बच्चे हादसे घायल हो गए। इसमें तीन बच्चों को ज्यादा चोट लगी। ग्रामीणों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया। हालांकि सभी बच्चे सही सलामत हैं। परिजन उन्हें इलाज के बाद घर ले गए।
सोनभद्र जिले के पगीया गांव में संचालित कलावती शिक्षण संस्थान की अहरौरा इलाके के बगल में है। शनिवार को बस चालक बच्चों को स्कूल से लेकर घर छोड़ने जा रहा था। बस पड़रवा गांव पहुंचते ही अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। बस में बच्चों की चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बस का शीशा तोड़कर बच्चों को बस से बाहर निकाला। स्कूली बस में लगभग 15 बच्चे सवार थे। इसमें रमन सिंह (15) पुत्र नागेंद्र, अलका सिंह (17) पुत्री नागेंद्र व ईशा (13) वर्ष पुत्री भूपेंद्र सिंह निवासी पड़रवा को हादसे में ज्यादा चोट लगी है। इसके अलावा बस में सवार अन्य बच्चों को हल्की चोट लगी हैं। सूचना पर पहुंचे परिजन निजी अस्पताल में उपचार के बाद बच्चों को अपने घर ले गए।