एक दिवसीय रोवर्स-रेंजर्स बिगिनर्स कोर्स व कार्यशाला का आयोजन
मिर्जापुर। भारत स्काउट व गाइड और मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में शुक्रवार को एक दिवसीय रोवर्स-रेंजर्स महाविद्यालय प्रभारी प्रशिक्षण कार्यक्रम (बिगिनर्स कोर्स व कार्यशाला) हुआ।
अध्यक्षता मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने की। उन्होंने कहा कि रोवर्स-रेंजर्स जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने के साथ ही उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अधिक संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मुख्य प्रशिक्षक मयंक शर्मा, संयुक्त प्रादेशिक संगठन आयुक्त रहे।
महाविद्यालय प्रभारी शिक्षकों को रोवर्स-रेंजर्स की गतिविधियों, प्रशिक्षण प्रक्रिया, सामाजिक सेवा, आपदा प्रबंधन, प्रकृति संरक्षण एवं विभिन्न पुरस्कारों से संबंधित जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्रों में आपदा प्रबंधन, समाज सेवा एवं प्रकृति संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि रोवर्स-रेंजर्स गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व, आत्मनिर्भरता, अनुशासन, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुणों का विकास किया जा सकता है। साथ ही महाविद्यालय प्रभारी शिक्षकों को इकाइयों के गठन, उनके संचालन तथा विद्यार्थियों को नियमित गतिविधियों से जोड़ने की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यशाला में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के कुलसचिव राम नरायन, परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद्र सहित सह-प्रशिक्षकों के रूप में चंद्रकांत, आनंद कुमार मौर्य, अमरावती, कादंबरी आदि उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के मुख्य आयुक्त प्रो. सूबेदार यादव ने आभार ज्ञापन किया। संचालन राजेश कुमार प्रजापति ने किया।