मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के मद्देनजर बृहस्पतिवार को शहर में रूट डायवर्जन किया जाएगा। 12 मार्गों पर सुबह सात से शाम तक डायवर्जन की व्यवस्था लागू रहेगी। बीएलजे इंटर कॉलेज के मैदान के आसपास और पुलिस लाइन-बीएलजे मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात प्रभारी विपिन पांडेय ने बताया कि गिरधर चौराहे से बीएलजे इंटर कॉलेज के ग्राउंड की तरफ किसी भी प्रकार के वाहनों को आने-जाने की अनुमति नहीं रहेगी। गिरधर चौराहे से वाहनों को वाया वासलीगंज, संकटमोचन, जिला अस्पताल होकर कचहरी चौकी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। तहसील चौराहे से बीएलजे ग्राउंड की तरफ केवल कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वालों के वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। अन्य वाहनों को पुलिस लाइन व भरुहना की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
आमघाट, बरकछा, करनपुर, रोडवेज की तरफ से भरुहना चौराहे से होकर बीएलजे जाने वाले चार पहिया वाहनों को विंध्यवासिनी इंटर काॅलेज में बनी पार्किंग में पार्क खड़ा कराया जाएगा। भरुहना की तरफ से शुक्लहा तिराहे, तहसील चौराहे से बीएलजे जाने वाले दोपहिया वाहनों को शुक्लहा तिराहे के पास राजश्री मंदिर पैलेस में बनी पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। भरुहना की ओर से आने वाली बसों को भरुहना चौराहे के पास पार्क कराया जाएगा। रोडवेज तिराहा से वाया शुक्लहां तिराहा, तहसील चौराहा होते हुए बीएलजे जाने वाले वाहन गुरुनानक पब्लिक स्कूल व अनगढ़ रोड के पास नी पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे।
भरुहना व रोडवेज तिराहे की तरफ से वाया शुक्लहां तहसील होते हुए शहर की तरफ आने वाले आम वाहनो को रेलवे स्टेशन, संगमोहाल,रतनगंज होते हुए शहर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। कछवां, विसुंदरपुर व शहर की तरफ से वाया रमईपट्टी, पुलिस लाइन होते हुए बीएलजे जाने वाले वाहनों को जुबली इंटर काॅलेज में बनी पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। आबकारी तिराहे से शैलेश तिराहे तक वन-वे लागू रहेगा। शैलेश तिराहे से आबकारी तिराहे की तरफ किसी वाहन को नहीं आने दिया जाएगा। पेट्रोल पंप तिराहे से रमईपट्टी होते हुए पुलिस लाइन की तरफ जाने वाले सामान्य वाहनों को आबकारी तिराहे से जिला अस्पताल की तरफ और रमईपट्टी तिराहे से पैड़ापुर मार्गपर डायवर्ट किया जाएगा। यह व्यवस्था सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। एंबुलेंस, पुलिस, अग्निशमन और इमरजेंसी वाहन इस प्रतिबंध से मुक्त होंगे।