जिगना। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव के पास बुधवार शाम बाइक के धक्के से घायल महिला फूल कुमारी पत्नी धर्मराज की मौत हो गई। परिजन निजी चिकित्सालय में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर शव लेकर थाने पहुंचेे।
जिगना थाना क्षेत्र के शिवपुर गोनौरा निवासी 50 वर्षीय फूल कुमारी पत्नी धर्मराज अपने मायके सेमरी में शादी में शरीक होने शम्भू नाथ बिंद के यहां आई थी। शादी संपन्न होने के बाद बुधवार को महिलाएं चौथ छुड़ाने गई थी। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर पहुंची ही थी कि एक बाइक चालक ने फूलकुमारी को धक्का मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजनों ने पास के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया था। बृहस्पतिवार को चिकित्सक ने फूलकुमारी को मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार फूलकुमारी की मंडलीय अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। परिजन शव लेकर जिगना थाने गए। मृतका के पति धर्मराज ने बाइक चालक कमलेश कुमार ग्राम काजीचौरा थाना जिगना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया। विंध्याचल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई कर रही है।