मिर्जापुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के खड़ंजा फॉल के पास शुक्रवार की रात रपटे पर पिकअप पलटने से उसमें सवार एक बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोनभद्र जिले के कर्मा थाना क्षेत्र के सरंगा निवासी अनवर हुसैन परिवार के साथ पड़री थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रिश्तेदारी में जा रहे थे।
रास्ते में देहात कोतवाली क्षेत्र के खड़ंजा फॉल के पास रपटे पर पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। इसमें डॉक्टर ने 40 वर्षीय रासिद पुत्र जफ्फार निवासी भावा मड़िहान व 10 वर्षीय साहिल पुत्र असलम को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय असलम, 48 वर्षीय अकरम, 40 वर्षीय अकबर को उपचार के लिए मंडलीय में भर्ती कराया गया। चालक 37 वर्षीय अलाउद्दीन को हल्की चोट आई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।