मिर्जापुर जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के पथरौर गांव के सामने लालगंज-कलवारी संपर्क मार्ग पर शनिवार की देर रात गाय को टक्कर मारते हुए सफारी सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। सफारी सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया।
मड़िहान थाना क्षेत्र के हरीहरा गांव निवासी शशांक पांडेय अपनी सफारी से हर्ष पांडेय और मुडेला चंदौर जिला जौनपुर निवासी चिराग पांडेय कृष्णा पांडेय, नित्यानंद पांडेय, नितेश पांडेय और वाराणसी निवासी बच्चा मिश्रा के साथ मैहर माता का दर्शन करने के लिए घर से निकले थे। वह जैसे ही पथरौर गांव के सामने पहुंचे कि सामने गाय आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित होकर गाय को टक्कर मारते हुए पेड़ टकरा गया। हादसे में गाय की मौत हो गई और सफारी सवार सभी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची संतनगर चौकी पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटेहरा भेजवाया। यहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. वाजीद जमील ने प्राथमिक उपचार कर हालत गंभीर देख सभी को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।