राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। रालोद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार और गिरते कानून व्यवस्था पर रोष जताया। जिलाध्यक्ष शिवशंकर पांडेय ने राज्यपाल को संबोधित पत्रक जिलाधिकारी को सौंपा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और जंगलराज फैल गया है। प्रदेश में होने वाली भर्तियों में व्यापक पैमाने पर धांधली की जा रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती आयोग के सभी अध्यक्षों को तत्काल बर्खास्त किया जाए। साथ ही सभी भर्तियों की सीबीआई जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के पर्याय यादव सिंह को सपा सरकार द्वारा संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष खरीफ और रबी की फसलें अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित हुईं थीं। आज तक प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि थानों में महिलाओं के साथ दरिंदगी की जा रही है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोहिया गांवों में कराए गए विकास कार्यों की जांच कराई जाए। लोहिया गांवों में बन रहे आवासों में व्यापक पैमाने पर अनियमितता बरती गई है। सूर्य प्रकाश मिश्रा ने कहा कि जिले को उद्योग शून्य घोषित किया जाए। जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सके। जटाशंकर सिंह ने कहा कि नगर पालिका के अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। नगर अध्यक्ष श्याम बाबू अग्रहरि ने कहा कि नगर की सड़कें जर्जर और खस्ताहाल हो गई हैं।
जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही है। प्रमोद पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस दौरान पप्पू पटेल, राकेश सिंह, कैलाश मिश्रा, राजेंद्र पांडेय, मकोई लाल यादव, प्रदीप शुक्ला, दूूधनाथ कोल, अश्विनी दूबे, राजकुमार यादव, सुरेश यादव, प्रहलाद उपाध्याय, राजेश अग्रहरि, अमित यादव, गोपी साहू आदि मौजूद रहे।