अहरौरा। सोनबरसा गांव के पास ट्रक में आग लगाने के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार के इनामी को पुलिस ने मंगलवार सुबह सोनबरसा स्थित पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आगजनी बलवा और तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज है।
अहरौरा-जमुई मुख्य मार्ग पर कुछ माह पूर्व हुई सड़क दुर्घटना में घायल युवक को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर खड़ी ट्रक को आग के हवाले कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसमें तीन लोग अज्ञात थे। विवेचना के दौरान नाम प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर पूर्व में ही जेल भेज दिया। वहीं आरोपी राजू पुत्र रामसूरत पटेल निवासी पूर्वी पटिहटा घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपी के खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। थानाध्यक्ष राजेश चौबे ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। सूचना मिली की पेट्रोल पंप के पास सोनबरसा के पास किसी वाहन से कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेरेबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।