मिर्जापुर। नगर समेत ग्राम्यांचलों में रविवार को गरीब, असहाय एवं निर्बल वर्गों के बीच भोजन, राशन के साथ ही मास्क बांटकर पुलिस पब्लिक अन्नपूर्णा बैंक व मोबाइल किचन के माध्यम लोगो को राहत पहुंचाई गई। स्वयंसेवी संगठनो ने भी जगह-जगह गरीबो में लंच पैकेट के साथ ही रोजमर्रा की सामग्री बांटा।
सवर्ण महासंघ फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष पंडित साधु तिवारी ने कटरा कोतवाली पहुंचकर कोतवाल समेत समस्त कर्मयोद्धाओं को औषधि बांटी। उन्होंने कोतवाल रमेश यादव समेत पुलिस कर्मियों को नीम गिलोय औषधि प्रदान किया। नगर के रानी बाग के सभासद संजय जायसवाल ने गरीबो में चावल, दाल, आटा, सरसों का तेल, आलू, प्याज एवं सब्जी वितरित किया। इस दौरान पूर्व सभासद सुनीता जायसवाल, अश्वनी सोनी, जमुना चौरसिया, शुभम जायसवाल, रुपम जायसवाल मौजूद रहे। जिगना, बरीदुबे गांव स्थित उत्कर्ष सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की बालिकाओं व नमिता बंसल कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर के बालक और बालिकाओं की ओर से गैपुरा पुलिस चौकी गैपुरा चौराहा पर क्षेत्रवासियों व चलते राहगीरों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई मे मरीजों व स्वास्थ्य कर्मियों को नि:शुल्क मास्क, सैनिटाइजर, डिटॉल साबुन का वितरण किया। इस मौके पर काजल दुबे, मानसी, नाजुक, आंचल, विनय कुमार, नमन, पिंटू व अविनाश आदि मौजूद रहे। चील्ह, विकास खंड कोन स्थित चील्ह चौराहा पर बाहर आ रहे मजदूरों को लोगों ने भोजन कराकर उन्हे राहत पहुंचाया।