वेतन भुगतान की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद अहरौरा के अनशनरत नियमित कर्मचारी।- संवाद।
अहरौरा। अनियमित तथा बकाये वेतन भुगतान की मांग के लिए नगर पालिका में कार्यरत नियमित कर्मचारियों ने बुधवार की सुबह जमकर बवाल काटा। कार्य बहिष्कार के साथ ही गेट पर तालाबंदी कर दी और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। ईओ के आश्वासन को भी अनसुना कर दिया।
मामले की जानकारी होते ही नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी मौके पर पहुंचे अनशनरत कर्मियों को मनाया तथा शीघ्र ही वेतन भुगतान का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारी कक्षा का ताला खोलकर काम पर लौट गए। नगर पालिका परिषद के नियमित कर्मचारियों का जुलाई से वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों की आजीविका प्रभावित हुई घर-घर तथा बच्चों की पढ़ाई में भी दिक्कत आने लगी तो कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। वेतन भुगतान के मामले में बार-बार कोरा आश्वासन देकर कर्मियों को टरकाया जाता रहा है। बुधवार की सुबह नाराज पालिकाकर्मियों ने जमकर बवाल काटा। मुख्य गेट तथा कार्यालय के सभी कक्षा में ताला बंदी कर दी तथा नारेबाजी करते हुए कार्य का बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए। प्रकरण की जानकारी होते ही अधिशासी अधिकारी अमिता सिंह मौके पर पहुंचीं कर्मचारियों को मनाने का प्रयास किया लिपिकीय कमियां बताकर कहा कि समय से वेतन पंजिका प्रस्तुत नहीं किया गया इससे भुगतान होने में विलंब है परंतु कर्मचारी नहीं माने तो घंटे भर बाद पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी कर्मियों को मनाने पहुंचे तथा शीघ्र ही बकाया दो माह का वेतन भुगतान करने का आश्वासन दिया तब जाकर कर्मियों ने अनशन समाप्त कर मेन गेट तथा कक्ष का ताला खोल दिया।