मिर्जापुर। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी ने सोमवार को बाणसागर निरीक्षण गृह में महिला उत्पीड़न के मामले सुने और अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया। जन सुनवाई में महिला उत्पीड़न के 10 मामले आए। इसमें चार का त्वरित निस्तारण किया गया।
एक मामले में एक महिला ने आरोप लगाया कि उसके तथाकथित प्रेमी ने 12 वर्षों तक शादी के नाम पर उसका यौन शोषण किया। अब उसकी नौकरी बेसिक शिक्षा विभाग में लग गई है तो वह शादी से इंकार कर रहा है। कार्रवाई की मांग की गई। इसी प्रकार एक अन्य मामले में देहात कोतवाली निवासी एक महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने दुराचार के बाद उसको चाकू से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। इस बात की जब महिला ने पुलिस में शिकायत की तो पीड़िता का आरोप है कि पुलिस व डाक्टरों ने मामले को हल्का कर दिया। न्याय दिलाने की मांग की गई। जनसुनवाई में जिला प्रोबेशन अधिकारी गिरीश दुबे, सीओ सिटी, मनोज कुमार मिश्र, डा. मंजू, डा. रमेश, नगीना सिंह, पूजा, सीमा सिंह आदि थे।