आयुक्त की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में मंडल के अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें विकास कार्यो की समीक्षा की गई।
इस दौरान विकास कार्यो को मानक के अनुसार निर्धारित समय से पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही उप निदेशक भूमि संरक्षण के निलंबन के लिए सीडीओ मिर्जापुर अमित सिंह को शासन को पत्र भेजने को कहा है। मनरेगा में खराब प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए तेजी लाने की चेतावनी दी गई।
मंडलायुक्त अनिल कुमार ने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्त हो रहा है। विकास कार्यो को मानक के अनुसार निर्धारित समय से पूरा किया जाए। किसी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक से गायब रहने और मनरेगा से कराए जाने वाले कार्यो की अनदेखी करने पर आयुक्त ने उप निदेशक भूमि संरक्षण के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
आयुक्त ने मुख्य विकास अधिकारियों को इंदिरा आवास की प्रगति तेज करने के लिए स्वयं रुचि लेकर कार्यवाही करने को कहा। मिर्जापुर में इंदिरा आवास के जिन लाभार्थियों द्वारा आवास बनवाने में रुची नहीं ली जा रहा है, उनके विरुद्ध आरसी जारी करने का निर्देश दिया।
बताया गया कि संतरविदास नगर में वित्तीय वर्ष 2013-14 में सात आवास शेष रह गए हैं। मिर्जापुर में वित्तीय वर्ष 2014-15 में 17 आवास शेष हैं। उन्हें शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।
मंडलायुक्त ने कहा कि पेयजल योजनाओं में धनराशि जमा होने के बाद भी बिजली का कनेक्शन नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में प्रमुख सचिव विद्युत को पत्र लिखकर अवगत कराने का निर्देश दिया।
इसी प्रकार सीसीरोड में वित्तीय वर्ष 2013-14 में मंडल में 79 लोहिया गांवों के सापेक्ष 26 गांव के लिए धनराशि प्राप्त कर लिए गए हैं। जिसमें 17 गांव को संतृप्त कर लिया गया है।
इंदिरा आवास की प्रगति में भदोही में 97 लोहिया गांव के सापेक्ष 15 गांव संतृप्त करा लिए गए हैं। बैठक में डीएम मिर्जापुर राजेश सिंह, सोनभद्र दिनेश सिंह और भदोही के मणिशंकर पांडेय के साथ ही अपर आयुक्त पीके तिवारी आदि रहे।