सीखड़ (मिर्जापुर)। उड़ीसा के पुरी से पदयात्रा कर सात ऊंट पालकों ने 22 दिन में 932 किलोमीटर की दूरी तय कर ली। लॉकडाउन के एक दिन पहले 24 मार्च को ऊंटों के साथ चले ये लोग बुधवार को कछवां पहुंचे। रात में आराम करने के बाद सभी बृहस्पतिवार को अपने गांव कल्याणपुर निगतपुर जाएंगे।
कछवां थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निगतपुर गांव निवासी बनारसी पांडेय, धर्मेंद्र कुमार बिंद, नंदलाल बिंद, छोटेलाल बिंद, चंद्रवली पांडेय, राजू बिंद, मितलाल बिंद आदि पुरी के समुद्र तट पर ऊंटों पर पर्यटकों को घुमाते हैं। 22 मार्च को जब जनता कर्फ्यू लगा और उसके बाद से ही लॉकडाउन की चर्चा होने लगी। पर्यटकों ने भी समुद्रतट पर आना छोड़ दिया। इस पर सभी वहां से 24 मार्च को चल पड़े और 22 दिन की यात्रा तय कर कछवां पहुंचे। ऊंटपालकों ने बताया कि बुधवार को वे कछवां में रुकेंगे और 16 अप्रैल को गांव पहुंचेंगे। कोरोना जांच के बारे में पूछने पर बताया कि वे लोग रांची में जांच करा चुके हैं। सब कुछ ठीक है।
---