मड़िहान। कस्बा स्थित एक बैंक के लगभग दस करोड़ रुपये बकाया होने पर जिले के निवासी अपना दल के वरिष्ठ नेता व सोनभद्र के सांसद पकौड़ी कोल समेत 300 बकायेदारों के खिलाफ वसूली के लिए आरसी जारी कर दी गई है। तहसील की तरफ से नोटिस जारी होने के बाद बकायेदारों की खोज में संग्रह अमीन घरों के चक्कर काट रहे हैं।
जमीन बंधक रखकर कई किसानों ने बैंक से केसीसी आदि पर ऋण लिया है, लेकिन समय से कर्ज अदा नहीं कर पाए। वसूली के लिए बैंक बार-बार नोटिस जारी करता रहा। नोटिस के बावजूद ऋणधारक बैंक जाने से कतराते रहे। इसके बाद तहसील प्रशासन ने आरसी जारी कर दी। इंडियन बैंक के मड़िहान शाखा के प्रबंधक राजा कुमार ने बताया कि बैंक से 1300 किसान केसीसी पर ऋण लेकर लेन-देन करते हैं। इनमें से 450 खाते एनपीए हो गए हैं। डिफाल्टर होने के कारण वसूली के लिए आरसी काटकर तहसील भेज दिया गया है। बड़े बकाएदारों की सूची में पटेहरा गांव निवासी सोनभद्र के सांसद पकौड़ी कोल पर लगभग 10 लाख रुपये का बकाया है।
इसी प्रकार अमोई गांव निवासी संतरा देवी पत्नी रामनगीना पर 15 लाख 50 हजार रुपये, ममता श्रीवास्तव पत्नी कृष्ण कुमार मड़िहान पर 18 लाख 10 हजार 948 रुपये, प्रवीण कुमार पुत्र रामसकल सिंह पचोखरा पर 20 लाख रुपये, संतोष पुत्र रामलखन बनकी पर 19 लाख, दिनेश सिंह पुत्र प्रभाकर सिंह पड़रिया 8 लाख 62 हजार रुपये, शमसेर बहादुर पुत्र रामनिरंजन अमोई पर आठ लाख रुपये, बालाजी पुत्र रामानंद खन्तरा पर सात लाख रुपये समेत 300 बकाएदारों को बैंक ने डिफॉल्टर मानकर आरसी जारी किया है। तहसीलदार संजीव कुमार यादव ने बताया कि आरसी की वसूली के लिए संग्रह अमीन लगाए गए हैं। बकाया जमा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई के तहत कुर्की की प्रक्रिया की जाएगी। उधर, इस संबंध में सांसद पकौड़ी कोल ने बताया कि पुत्र राहुल ने कुछ कर्ज लिया था। आरसी की जानकारी नहीं है। यदि कुछ बकाया है तो जमा किया जाएगा।