पटेहरा। मड़िहान थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने गांव के ही एक युवक पर मुंह में कपड़ा ठूंस कर दुष्कर्म करने के बाद गले में पहना सोने का लाकेट छिनने का आरोप लगाया। विवाहिता के आरोप पर पुलिस उसे मेडिकल के लिए भेज कर मामले की जांच में जुट गई है।
19 वर्षीय विवाहिता ने बताया कि पति एक माह से मिर्जापुर में रहकर मजदूरी का काम करते हैं। ससुर खेतों की रखवाली के लिए चले जाते हैं। घर में बूढ़ी सास के साथ अकेले रहती है। कभी कभार मौका पाकर गंदे कमेंट भी करता था। आरोप है कि वह शनिवार की रात अपने घर में अकेले सोई हुई थी। सास बाहर आंगन में सोई थी। देर रात 12 बजे गांव का ही एक युवक मौका देख घर के बाहर लगे बल्ब को निकालने के बाद उसके घर में घुस गया। मुंह में गमछा ठूंस कर उसके साथ दुष्कर्म किया। चूड़ियां तोड़ कर गले से सोने की लाकेट छिनकर भाग गया। घटना के बाद विवाहिता ने अपनी सास को आपबीती बताई। रविवार की सुबह ससुर जब खेत पर से घर आए तो सास ने ससुर को घटना के बारे में बताया। ससुर ने फोन कर पति को सूचना दिया। सूचना पाकर घर पहुंचे पति व सास के साथ विवाहिता पटेहरा चौकी पहुंच दुष्कर्म करने और सोने का लाकेट लूटने की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया। मामले में सीओ मड़िहान प्रभात राय ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। महिला के आरोप की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।