मिर्जापुर। लालगंज के बामी गांव में हुए तिहरे हत्याकांड का मामला राज्यसभा के शून्यकाल में उठाने के लिए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने नोटिस दिया है।
राज्य सभा के जनरल सेक्रेटरी को पत्र जारी कर राज्यसभा सांसद ने बताया कि देश और प्रदेश में अपराध बढ़ रहा है। अपराध के मामलों में पुलिस की नीरस कार्यशैली व असहयोगी व्यवहार चिंता का विषय है। अपराध के संबंध में उन्होंने मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के ह्रदय विदारक घटना का जिक्र करना जरुरी बताया। जहां एक ही परिवार के 14 वर्षीय तीन बच्चों की निर्मम हत्या कर दी गई। दो महीने बाद भी पुलिस कोई सार्थक कार्रवाई नहीं की। राज्य में लगातार ऐसी घटनाएं घटित हो रही है। पुलिस प्रशासन मामले में लीपापोती में लगा हुआ है। मामले की संजीदगी को सदन के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए उन्हें शून्य काल के दौरान अपने वक्तव्य को रखने का अवसर प्रदान किया जाए।