शनिवार को पूरे दिन रूक-रूककर हुई झमाझम बारिश से जहां मौसम खुशनुमा हो गया, वहीं किसानों के लिए यह बारिश वरदान साबित हुई। सुबह से शाम तक बारिश होने से उसम भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली।
बारिश बाद नगर के प्रमुख मार्गों पर जलभराव व कीचड़ होने से राहगीरों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ा, वहीं बारिश थमने के बाद जाम की स्थिति बनी रही। दिन भर में लगभग 20 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई और तापमान में भी गिरावट आई। विगत कई दिनों से तेज धूप के बाद शनिवार को हुई झमाझम बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। तेज धूप के बाद अचानक मौसम का मिजाज शनिवार को बदला और सुबह झमाझम बारिश हुई।
नगरीय इलाकों सहित जनपद के ग्रामीण अंचलों में हुई झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खुशी से खिल गए। धान की फसलों के लिए यह बारिश अमृत से कम नहीं है तथा फसलों के लिए वरदान साबित हुई है। जमालपुर ब्लाक के मनई गांव के उमेश सिंह, जफराबाद के ओमकार यादव, शेरवां बृजेश द्विवेदी एवं चौकियां के सुभाष चंद्र सिंह का कहना है कि इस बारिश से धान के पौधों पर लगने वाले रोग व कीटाणु नष्ट हो जाएंगे तथा यह बारिश धान लिए लाभदायक साबित होंगे। झमाझम बारिश से नगर के कई मार्गों पर जलभराव और बारिश थमने के बाद नगर के विभिन्न मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई।