सराफा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या करने के विरोध में नरायनपुर के पुरुषोत्तमपुर के व्यापारियों ने मंगलवार को बाजार बंद रखा। व्यापारी संघ ने बढ़ते अपराध पर चिंता जतायी और घटना की निंदा की। कहा कि इस तरह व्यापारी मारे जाएंगे तो व्यापार करना मुश्किल होगा।
इसलिए व्यापारियों की सुरक्षा अति आवश्यक है। इसके लिए कड़े कदम उठाए जाने की मांग जिला प्रशासन से की गई है। उधर सराफा व्यवसायी अनिल रस्तोगी हत्याकांड के मामले में पुलिस ने बुधवार को पांच अज्ञात लोगाें के विरुद्ध हत्या, जानलेवा हमला, बलवा करने समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है।
वाराणसी जनपद के लंका थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड कबीरपुर निवासी मृत कारोबारी के पुत्र पुनीत रस्तोगी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में अदलहाट पुलिस ने बताया कि सराफा व्यवसायी हत्याकांड में प्रथम दृष्टया जमीनी विवाद का मामला प्रकाश में आ रहा है। फिर भी पुलिस अन्य बिंदुओं पर जांच करने में जुटी हुई है।
उधर अपराधियों के बढ़ते हौसले और व्यापारियों पर हो रहे हमले के विरोध में मंगलवार को नरायनपुर के पुरुषोत्तमपुर में व्यापारियों ने दुकानें बंद रखा। बंद कराने वालों में व्यापारी आशीष कुमार, अजीत कुमार, अनमोल सिंह, राकेश सिंह, भोलानाथ केसरी, राजेन्द्र कुमार, अजय कुमार आदि शामिल रहे।
बता दें कि दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने अदलहाट थाना क्षेत्र के रैपुरिया गांव के पास मंगलवार की शाम करीब पांच बजे वाराणसी के कबीरपुर कालोनी निवासी अनिल रस्तोगी की गोली मार कर हत्या कर दी थी जबकि घटना में उनका पुत्र अमित रस्तोगी गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे वाराणसी में भर्ती कराया गया है।
घटना के दूसरे दिन मृतक अनिल रस्तोगी के पुत्र पुनीत रस्तोगी अदलहाट थाने पहुंचे और बाइक सवार अज्ञात लोगों द्वारा पिता अनिल रस्तोगी की हत्या करने समेत अन्य आरोप लगाते हुए तहरीर दी।