अष्टभुजा निरीक्षण गृह में सोमवार को प्रदेश के जल शक्ति विभाग (सिंचाई एवं जल संसाधन बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग) मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंडलीय व जनपदीय स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर मंडल व जिले में चल रही सिंचाई परियोजनाओं में हुई प्रगति की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि अधिकारी चिंता मुक्त होकर किसानों की चिंता के समाधान के लिये पूरी निष्ठा व ईमानदारी से काम करें। उनकी समस्याओं की चिंता प्रदेश सरकार द्वारा की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मिशन है कि हर गांव के प्रत्येक गरीब के घर को शुद्ध व स्वच्छ जल नल से प्राप्त हो सके।
बैठक के दौरान मंत्री ने जल जीवन मिशन से सभी एजेंसियों के अधिकारियों से बात कर कार्य में हुई प्रगति की जानकारी ली। साथ ही निर्देशित किया कि जनपद में चल रही पेयजल परियोजनाओं में तेजी लाते हुये गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराएं। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे अमरेंद्र वर्मा ने जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में छह एजेंसियों के माध्यम से आठ साइटों पर नौ परियोजनाओं के तहत कार्य चल रहे हैं। सिंचाई मंत्री ने अधिशाषी अभियंता एमसीडी कार्यालय एवं अन्य नहरें संचालित करने वाली एजेंसियों से कहा कि यह सुनिश्चित करें कि नहरों में टेल तक पानी पहुंचे। ताकि किसानों के फसल की सिंचाई के लिये समय पर पानी उपलब्ध हो सके। सिंचाई मंत्री ने कहा कि ऐसे सभी पोखरे जो विभिन्न विभागों द्वारा भरे जा रहे हैं, वे अपने क्षेत्र के पोखरों के नाम, गांव व ग्राम प्रधान के नाम व मोबाइल नंबर उपलब्ध कराएं। साथ ही किन्हीं दो किसानों के मोबाइल नंबर व नाम भी तत्काल उपलब्ध कराएं। लखनऊ से काल सेंटर के माध्यम से इसकी निगरानी की जायेगी। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, जिलाध्यक्ष अपना दल राम लौटन पटेल, विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस उपस्थित रहीं।