पाकिस्तान के जेल में बंद पुनवासी की बहन किरन ।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। पाकिस्तान की जेल में बंद पुनवासी के लापता होने के दो वर्ष बाद उसका बड़ा भाई मिठाई भी लापता हो गया था। जो आज तक नहीं मिला। 11 वर्ष पहले लापता हुए पुनवासी के चार भाइयों की मौत पहले ही हो चुकी है। बहन किरना ही बची है, वह अपने परिवार के साथ लालगंज में रहती है। नगर के भरुहना दलित बस्ती में स्थित उसके घर रहने वाला कोई नहीं है। मिठाई के लापता होने पर लोग दोनों को मृत मानकर चल रहे थे, पर पुनवासी के पाकिस्तान की जेल में होने की जानकारी होने के बाद लोगों को वापसी की उम्मीद बंधी है।
नगर के भरुहना निवासी कन्हैया छह पुत्र और एक पुत्री हुईं। इसमें पुनवासी छठे पर पुनवासी था। 11 वर्ष पूर्व शादी के छह माह बाद गौना आने के 20 दिन पहले वह मानसिक रूप अस्वस्थ होने के बाद लापता हो गया। एक बहन किरन देवी जो शादी के बाद लालगंज के बसइटा बहुती बलहरा में रह रही है। पुनवासी के लापता होने के बाद मिठाई ही बचा था तो घर पर रहता था। दो वर्ष बाद वह भी लापता हो गया। लोगों ने बताया कि वह बिहार शादी में बाजा बजाने गया था। उसके बाद वापस नहीं लौटा। कुछ लोगों का कहना है कि उसकी बिहार में ही मौत हो गई। वहीं पड़ोसियों और परिवार के अन्य लोगों को उसके वापस लौटने की उम्मीद है। भरुहना स्थित पुनवासी का मकान विरान पड़ा है। पक्का मकान किसी के न होने और देखभाल न होने के कारण वीरान है। जब से पुनवासी के पाकिस्तान जेल में बंद होने की जानकारी मिली है, पड़ोसियों को अब पुनवासी के आने का इंतजार है। उसके साथी बबलू पेंटर ने बताया कि पुनवासी उसी के खानदान का है। उसकी पुनवासी से पटती थी। बताया कि वह बहुत ही सीधा और भोला था। अचानक उसका गौना आने से पहले वह मानसिक रूप से अस्वस्थ हो गया। वह जल्द पाकिस्तान के जेल से रिहा होकर वापस आए, यही कामना है।
भाई के जिंदा होने की खबर सुनते ही खुशी से रो पड़ी बहन
पटेहरा। वर्षों से भाई का इंतजार कर रही बहन किरन को जब पता चला कि उसका भाई जीवित है तो उसकी आंखों से अश्रु की धारा बह निकली। किरन की शादी 28 वर्ष पहले लालगंज के बसइटा बहुती बलहरा गांव में मुन्नू से हुई थी। किरन ने बताया कि शादी के बाद पुनवासी और मिठाई दोनों भाई अक्सर उसके यहां ही रहते थे। उस समय पुनवासी 20 वर्ष का था। किरन ने बताया कि पुनवासी शादी विवाह में बाजा बजाने का काम करता था। बताया कि चार दिन पहले अचानक उसके पुत्र के मोबाइल पर फोन आया। पुत्र ने बताया कि किसी साहब का फोन है। बताया कि वे पुलिस के खुफिया विभाग से बोल रहे है। क्या आपका कोई भाई लापता हुआ है। किरन ने बताया कि दो भाई लापता हैं। एक मिठाई दूसरा पुनवासी। तब उसने बताया कि उसका भाई पुनवासी पाकिस्तान के जेल में बंद है। इतना सुनते ही बहन फफक-फफक कर रोने लगी। उसे विश्वास ही नहीं हुआ कि उसका भाई जिंदा है। दूसरे दिन पुनवासी की फोटो लेकर पुलिस लाइन पहुंची। रोते हुए भाई को जल्द पाकिस्तान से वापस बुलाने की विनती की।