अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मिर्जापुर एवं विंध्याचल की सम्मिलित इकाई द्वारा शुक्रवार को नगर के घंटाघर स्थित नगरपालिका परिषद के परिसर में संघ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष का पुतला फूंका गया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने पीसीएस प्री की परीक्षा में हुई धांधली पर विरोध जताते हुए दोबारा परीक्षा कराने की मांग की।
परिषद के नगर मंत्री मोहित गुप्ता ने कहा कि गरीब छात्र-छात्राएं रात दिन मेहनत करते हैं। उनके परिवार वाले एक-एक रुपये जुटाकर अपने बच्चों के परीक्षा तैयारी का खर्चा उठाते हैं, लेकिन जब उनके मेहनत का फल मिलने की बारी आती है तो अधिकारियों की लापरवाही के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।
कहा कि प्रदेश सरकार इस परीक्षा को दोबारा निष्पक्ष तरीके से कराए। पदाधिकारियों ने परीक्षा में पेपर लीक होने पर इसे व्यवस्था का दोष बताते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग की। शिवम अग्रहरि ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष अनिल यादव को बर्खास्त करते हुए दूसरी पाली की परीक्षा को रद्द किया जाय। इस दौरान शिवम सिंह, सचिन जायसवाल, शुभम सिंह, अमर पाल आदि मौजूद रहे।